![]() |
| आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस टीम के साथ। (फोटो: पुलिस/उपलब्ध स्रोत) |
**SBR News Network | कसौली (सोलन)**
सोलन जिले के कसौली क्षेत्र में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस से दो बैटरियां चोरी करने के मामले का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपी को शनिवार को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) नालागढ़ में कार्यरत चालक **प्रदीप सिंह** ने पुलिस थाना कसौली में शिकायत दर्ज करवाई कि वह 8 जुलाई को एचआरटीसी की बस लेकर नालागढ़ से गुनाई पहुंचे थे और बस को गुनाई बस स्टैंड पर खड़ा कर दिया था। 9 जुलाई की सुबह जब वह बस के पास पहुंचे तो देखा कि अज्ञात व्यक्ति रात के समय बस की दोनों बैटरियां चोरी कर ले गया है। चोरी हुई बैटरियों की अनुमानित कीमत करीब **30 हजार रुपये** बताई गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना कसौली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने **संतोष कुमार (35 वर्ष)** निवासी जिला नालंदा (बिहार), वर्तमान निवासी भैरों की सेर, टीपरा, तहसील कालका, जिला पंचकुला (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर जब्त कर ली गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी परवाणू स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है और उसकी ड्यूटी अक्सर रात के समय रहती थी। इसी का फायदा उठाकर उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही पुलिस थाना परवाणू में चोरी के दो मामले दर्ज हैं।
**पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमला राजू एस.डी. वर्मा** ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है तथा मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी किसी अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।
---
**SBR News Network**
**सटीक • निष्पक्ष • सबसे पहले**
Reviewed by SBR
on
July 12, 2026
Rating:

No comments: